
दि ग्राम टुडे, कानपुर।
कानपुर मंडल के सभी जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र ने मानसून की सक्रियता को देखते हुए कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, फतेहपुर, फर्रुखाबाद और कन्नौज समेत पूरे मंडल में गरज-चमक, तेज हवाओं और छिटपुट बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ आंधी-पानी और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस. एन. सुनील पांडे के अनुसार कानपुर नगर और कानपुर देहात में आसमान में आंशिक से लेकर घने बादल छाए रहेंगे। दोपहर बाद या रात के समय गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उन्नाव और फतेहपुर में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना अधिक जताई गई है, जबकि कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। फर्रुखाबाद और कन्नौज में मौसम उमस भरा रहेगा तथा शाम तक स्थानीय स्तर पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक मंडल में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि अत्यधिक नमी के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस होगी। सापेक्षिक आर्द्रता 70 से 85 प्रतिशत तक रहने की संभावना है, जिसके चलते हीट इंडेक्स यानी महसूस होने वाला तापमान 44 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे लोगों को भारी उमस, बेचैनी और थकान का सामना करना पड़ सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटों में वेट बल्ब तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। यह स्थिति विशेष रूप से बाहर काम करने वाले लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकती है और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है। वहीं दोपहर के समय यूवी इंडेक्स 7 से 9 के बीच रहने का अनुमान है, जिसे बहुत उच्च श्रेणी माना जाता है। ऐसे में बादलों के बीच धूप निकलने पर त्वचा को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। बाहर जाते समय छाता, सूती कपड़े और सनस्क्रीन का प्रयोग करने के साथ-साथ लगातार पानी, ओआरएस या नींबू पानी पीने की अपील की गई है। गरज-चमक के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने की चेतावनी भी जारी की गई है।






