महोली (सीतापुर)। कोतवाली महोली क्षेत्र के कस्बा चौकी अंतर्गत ग्राम भाकुरा में दावत के दौरान जमकर हंगामा हुआ। बताया जा रहा है कि गांव निवासी लालजी पुत्र रमई के यहां दावत का आयोजन था। इस दौरान शराब का सेवन करने के बाद कुछ लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
मामले की सूचना किसी व्यक्ति ने डायल 112 पर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ कुछ लोगों ने अभद्रता करते हुए मारपीट की। पुलिस टीम के साथ हुई घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
इस मामले में पुलिस ने नौ लोगों को नामजद करते हुए 12 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
दावत के दौरान शुरू हुआ विवाद पुलिस टीम तक पहुंच गया। पुलिस के साथ अभद्रता और मारपीट करने के मामले में अब आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है।






