दि ग्राम टुडे,कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र में एक महिला को गोली लगने की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य एकत्र किए और महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार चिकित्सकों की जांच में महिला को किसी प्रकार की गोली लगने अथवा अन्य गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं घटनास्थल की जांच के दौरान भी गोली चलने के कोई साक्ष्य, जैसे खोखा या अन्य संबंधित सामग्री, बरामद नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में गोली चलने की सूचना की पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का गहन परीक्षण कर रही है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था, जिसके विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि जिन व्यक्तियों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। मामले के वास्तविक तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच करते हुए नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।







