पिसावां, सीतापुर। विकास क्षेत्र के ग्राम जसवंतपुर में एक किसान के दो मवेशियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किसान परमेश्वर दीन के मकान के बाहर एक गाय और भैंस बंधी हुई थीं। अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ गई और वे तड़पने लगीं। कुछ ही देर बाद दोनों की मौत हो गई। किसान ने उसी दौरान एक सांप को वहां से जाते हुए देखा, जिसके बाद सांप के डसने से दोनों मवेशियों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दी गई। सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। बताया गया कि सरिता देवी पत्नी नरेंद्र, हजियापुर-बिहट गौर मार्ग के किनारे रहती हैं और उनके दोनों मवेशी घर के बाहर बंधे थे। परिजनों के अनुसार, सांप के डसने से दोनों मवेशियों की मौत हुई है।
लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया और अपनी रिपोर्ट आर्थिक सहायता के लिए तहसील प्रशासन को प्रेषित कर दी है।






