
दि ग्राम टुडे,कानपुर। महिला महाविद्यालय पीजी कॉलेज, किदवई नगर, कानपुर में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर इनोवेशन सेल के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को समर्पित कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. प्रतिभा श्रीवास्तव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रो. ममता गंगवार, डॉ. रश्मि सिंह एवं डॉ. नम्रता तिवारी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं से पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान से हुई, जिसमें शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, जल एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, स्वच्छता और हरित वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की शपथ भी ली।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता संरक्षण की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, अधिकाधिक पौधारोपण तथा हरित क्षेत्रों के विस्तार की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का सफल संचालन संयोजिका सुश्री अनीता वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन की व्यवस्थाओं में डॉ. अनामिका वर्मा, डॉ. ममता मिश्रा, श्री मनीष माथुर, श्रीमती खुशबू दुआ एवं डॉ. पारुल अवस्थी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी के समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। महाविद्यालय परिवार ने पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी से स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ पृथ्वी के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
महिला महाविद्यालय पीजी कॉलेज में विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण, छात्राओं ने लिया हरित भविष्य निर्माण का संकल्प
Date:






