पिसावां, सीतापुर। थाना क्षेत्र के हजियापुर गांव में बुधवार सुबह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
हजियापुर निवासी मलखे पुत्र घनश्याम (लगभग 25 वर्ष) बुधवार सुबह पेड़ की डाल काट रहा था। इसी दौरान पेड़ की डाल हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे युवक करंट की चपेट में आकर नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक खेती-किसानी का काम करता था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।






