प्रभाती वंदन के साथ राधा अष्टमी की अनंत शुभकामनाएं एवं हार्दिक बधाई
वृषभानु लली के रूप में, बरसाने में वास।
दिवस आज प्राकट्य है, राधा रानी खास।
लगता छप्पन भोग है, अरबी रबड़ी संग,
धनिया पंजीरी बना,भक्त करें अरदास।।
कृष्ण प्रिया श्री राधिका, जन्म दिवस है आज।
मना रहा संसार है, बना हुआ सुख-साज।
संयम दृढ़ता धार कर, किया कृष्ण से प्रेम,
हृदय वास उनके करें,जाने सकल समाज।।
दूर करें दुख को सदा, बरसे कृपा अपार।
विधि विधान पूजन करें, करती हैं स्वीकार।
भक्तों पर करते कृपा,राधा कान्हा संग,
लक्ष्य साधना साधकर, बढ़े चलो संसार।।
सुमति सभी को दीजिए,सभ्य शिष्ट हो देश।
विश्व शांति की भावना, स्वच्छ करो परिवेश।
राधा जी विनती यही, करिए मम स्वीकार,
बदले दशा समाज की, काटो सारे क्लेश।।
डॉ गीता पांडेय अपराजिता
सलोन रायबरेली उत्तर प्रदेश






