सांप के डसने से छह वर्षीय बालक की मौत
महोली (सीतापुर)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम उमरिया में बीती रात घर के अंदर बेड पर माता-पिता के साथ सो रहे छह वर्षीय बालक की सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम उमरिया निवासी पंकज का छह वर्षीय पुत्र आनंद अपनी मां और पिता के साथ रात में बेड पर सो रहा था। जिस कमरे में परिवार सो रहा था, उसमें फर्श नहीं था। इसी दौरान कहीं से सांप कमरे में आ गया और उसने बच्चे की उंगली में डस लिया।
परिजनों ने शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन करीब एक-दो घंटे बाद बच्चे की हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में परिजन उसे लखीमपुर के मितौली स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।






